अमरीका को अवश्य उत्तर दिया जाएगाः रूहानी
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि अमरीका को मुंहतोड़ उत्तर दिया जाएगा।
ईरान के विरुद्ध अमरीका के हालिया प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए डा. हसन रूहानी ने कहा है कि अमरीका की ईरान विरोधी नई कार्यवाही का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
हसन रूहानी ने बुधवार को मंत्रीमण्डल की बैठक इस बात का उल्लेख किया कि पिछले चार दशकों के दौरान ईरानी विरोधी हर कार्यवाही में अमरीका को मुंह की खानी पड़ी है। उन्होंने कहा कि ईरानी राष्ट्र के सामने हर बार परास्त होने के कारण अमरीका को इससे पाठ लेना चाहिए।
ईरान के राष्ट्रपति ने कहा कि अमरीका यदि यह चाहता है कि मध्यपूर्व शांत और स्थिर रहे तो उसको अपनी वर्तमान हस्तक्षेपपूर्ण नीतियों को समाप्त करना होगा। उन्होंने कहा कि अमरीकी अधिकारियों को यह बात समझ लेनी चाहिए कि ईरानी राष्ट्र कभी भी अमरीकी षडयंत्रों से प्रभावित नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि अमरीका की शत्रुता केवल इस्लामी गणतंत्र ईरान से नहीं है बल्कि वह तेहरान के प्रतिरोध और उसके आदर्श बनने से बहुत चिंतित है। वह नहीं चाहता कि मध्यपूर्व जैसे संवेदनशील क्षेत्र में ईरान, एक प्रभावी देश में रूप में बाक़ी रहे।
राष्ट्रपति रूहानी ने ईरान की प्रतिरक्षा को सुदृढ़ बनाने पर बल देते हुए कहा कि हम अपनी सुरक्षा को अधिक सुदृढ़ करते रहेंगे क्योंकि देश की सेना को ईरानी राष्ट्र का पूरा समर्थन प्राप्त है।
ज्ञात रहे कि अमरीकी कांग्रेस ने मंगलवार की रात ईरान के विरुद्ध नए प्रतिबंधों का प्रस्ताव पारित किया है।