जब समुद्र में ईरानी और अमरीकी नौसैनिकों का हुआ आमना सामना...
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i46438-जब_समुद्र_में_ईरानी_और_अमरीकी_नौसैनिकों_का_हुआ_आमना_सामना...
अमरीकी नौसेना ने ईरान की आईआरजीसी के ज़ुल्फ़ेक़ार बेड़े की ओर से नोटिस पर दावा किया कि वॉशिंग्टन का क़दम पेशेवराना था।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jul ३०, २०१७ १२:१२ Asia/Kolkata
  • जब समुद्र में ईरानी और अमरीकी नौसैनिकों का हुआ आमना सामना...

अमरीकी नौसेना ने ईरान की आईआरजीसी के ज़ुल्फ़ेक़ार बेड़े की ओर से नोटिस पर दावा किया कि वॉशिंग्टन का क़दम पेशेवराना था।

ज़ुल्फ़ेक़ार बेड़े ने ‘रिसालत’ नामक तेल-गैस क्षेत्र में अमरीकी नौसेना के भड़काउ क़दम पर शनिवार को यह नोटिस जारी किया था।

एनबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, अमरीकी नौसेना की केन्द्रीय कमान ने इस्लामी क्रान्ति संरक्षक बल आईआरजीसी की ओर से जारी नोटिस की पुष्टि करते हुए दावा किया कि अमरीकी नौसेना ने सुरक्षा के मद्देनज़र पेशेवराना क़दम उठाया था।

आईआरजीसी के ज़ुल्फ़ेक़ार बेड़े के जनसंपर्क विभाग ने कहा कि फ़ार्स खाड़ी के उत्तर में अमरीकी नौसेना की बैटल क्रूज़र के भड़काउ क़दम के कुछ दिन के भीतर ही इस बार अमरीकी नौकाओं ने फ़ार्स खाड़ी के केन्द्रीय भाग में वैसी ही कार्यवाही की। कुछ दिन पहले अमरीकी नौसैनिक बेड़े ने फ़ार्स खाड़ी के उत्तरी भाग में आईआरजीसी की नौसेना की गश्त कर रही नौका के सामने दो हवाई गोले फ़ायर किए थे।

ज़ुल्फ़ेक़ार बेडे की नोटिस के अनुसार, अमनीकी विमान वाहक पोत निमिट्ज़ अपने बैटल क्रूज़र के साथ ‘रिसालत’ नामक तेल-गैस क्षेत्र में आईआरजीसी की नौकाओं के निकट हुआ और उसके हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी। निमिट्ज़ ने यह हरकत ऐसी स्थिति में की जब ज़ुल्फ़ेक़ार बेड़े की मीज़ाईल फ़ायर करने वाली नौकाएं उस पर नज़र रखे हुए थीं।

आईआरजीसी ने नौसैनिकों की समझदारी व होशियारी की ओर इशारा करते हुए कहा कि अमरीकियों ने ग़ैर पेशेवराना व भड़काउ क़दम उठाते हुए ज़ुल्फ़ेक़ार बेड़े की नौकाओं को चेतावनी देने के लिए रौशनी फैलाने वाले गोले फ़ायर किए लेकिन इस्लामी जियालों ने अमरीकी नौकाओं के अपारंपरिक व्यवहार पर ध्यान दिए बिना क्षेत्र में अपना अभियान जारी रखा यहां तक कि अमरीकी विमान वाहक पोत अपने बैटल क्रूज़र के साथ क्षेत्र से चला गया।

इस ख़बर के सामने आने के कुछ घंटे बाद अमरीकी नौसेना ने ज़ुल्फ़ेक़ार बेड़े की नोटिस पर यह प्रतिक्रिया दी कि उसका क़दम पेशेवराना था।

अमरीकी नौसेना ने यह भी दावा किया, “अमरीकी नौसेना ने संपर्क बनाने की कोशिश की लेकिन ईरानी नौकाओं की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। जिसके थोड़े ही समय बाद अमरीकी हेलीकॉप्टर ने एक सुरक्षित दूरी से रौशनी फैलाने वाले गोले फ़ायर किए जिसके बाद ईरानी नौकाओं ने निमिट्ज़ विमान वाहक पोत के निकट होकर उसे रोक दिया।”

बहरैन में लंगरअंदाज़ पांचवे अमरीकी बेड़े के प्रवक्ता ने भी दावा किया कि इस बेड़े का एक हेलीकॉप्टर अंतर्राष्ट्रीय जलक्षेत्र में गश्त लगा रहा था कि उसने देखा कि कुछ ईरानी नौकाएं अमरीकी नौकाओं की ओर बढ़ रही थीं।

अमरीकी नौसैनिक बेड़े के प्रवक्ता इयन मैक्कॉनोगे ने यह भी दावा किया कि अमरीकियों ने ईरानियों को अमरीकी नौकाओं के निकट जल में फ़ायरिंग करते हुए देखा। (MAQ/N)