आतंकी गुट अमरीका के अधीन हैंः आईआरजीसी
आईआरजीसी के उप कमांडर ने कहा है कि आतंकी गुट अमरीका के अधीन हैं।
इस्लामी क्रांति संरक्षक बल आईआरजीसी के उप कमांडर जनरल हुसैन सलामी ने ईरान टीवी से बात करते हुए कहा कि अमरीका दिखावे के लिए आतंकी गुट दाइश से मुक़ाबला करता है लेकिन वास्तव में इस आतंकी गुट के प्रति उसका रवैया पूरी तरह से सोचा-समझा है और उसे इस गुट को जड़ से उखाड़ फेंकने में कोई रुचि नहीं है। उन्होंने कहा कि आतंकवादी गुट दाइश, उन आर्थिक स्रोतों से लाभ उठा रहा है जो अमरीका के अधीन हैं।
आईआरजीसी के उप कमांडर ने इसी तरह सीरिया में इस्लामी क्रांति के पवित्र लक्ष्यों और ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा में मोहसिन हुजजी की हालिया शहादत की ओर संकेत करते हुए कहा कि इस शहीद ने ईरानी राष्ट्र की महानता को साक्षात किया। जनरल सलामी ने बताया कि सीरिया के एक इलाक़े में दाइश के आतंकियों ने कई आत्मघाती गाड़ियों के साथ हमला किया जिसके बाद वहां झड़प शुरू हुई जिसमें वहां मौजूद सभी लोग शहीद हो गए और मोहसिन हुजजी पकड़े गए। दाइश ने उन्हें भी थोड़े ही समय बाद शहीद कर दिया। (HN)