ईरान से संबंध विस्तार के लिए गंभीर हैंः इराक़ी गृहमंत्री
इराक़ के गृहमंत्री ने कहा है कि ईरान व इराक़ के बीच संबंध विस्तार के लिए अपार क्षमताएं पाई जाती हैं और बग़दाद, तेहरान के साथ अपने संबंधों के व्यापक विस्तार के लिए गंभीर है।
क़ासिम आरजी ने मंगलवार को ईरान के पूर्वोत्तरी नगर मशहद में ख़ुरासाने रज़वी प्रांत के राज्यपाल से मुलाक़ात में कहा कि हर साल दसियों लाख श्रद्धालु इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के चेहलुम में भाग लेने के लिए इराक़ जाते हैं और बग़दाद ने उनकी सुरक्षा के लिए विशेष कार्यक्रम तैयार किए हैं। उन्होंने कहा कि बग़दाद की कोशिश है कि ज़ाएरीन की आवाजाही के लिए यातायात की उचित सेवाएं उपलब्ध कराए और वे इराक़ वापसी पर मशहद से नजफ़ तक रेलवे लाइन बिछाए जाने की परियोजना पर काम करेंगे।
इस मुलाक़ात में ख़ुरासाने रज़वी प्रांत के राज्यपाल अली रज़ा रशीदयान ने कहा कि ईरान व इराक़ के आपस में बड़े अच्छे संबंध हैं और हर साल बड़ी संख्या में ईरानी श्रद्धालु इराक़ जाते हैं और इराक़ी ज़ाएरीन, ईरान की यात्रा करते हैं। ज्ञात रहे कि इराक़ के गृहमंत्री पैग़म्बरे इस्लाम के पौत्र हज़रत इमाम रज़ा अलैहिस्सलाम की ज़ियारत के लिए मंगलवार को मशहद पहुंचे हैं। (HN)