दाइश वर्तमान काल में रुढ़िवाद का स्पष्ट नमूना हैः रूहानी
ईरान के राष्ट्रपति ने कहा है कि दाइश और उसके समर्थक वर्तमान काल में रुढ़िवाद और मिथ्या का स्पष्ट नमूना हैं।
डाॅक्टर हसन रूहानी ने गुरुवार की रात इराक़ द्वारा ईरान पर थोपे गए आठ वर्षीय युद्ध में अपंग हो जाने वाले एक सिपाही के घर जा कर उससे मुलाक़ात की। इस अवसर पर उन्होंने इस बात का उल्लेख करते हुए कि तकफ़ीरी आतंकी गुट दाइश और उसके समर्थक वर्तमान समय में रुढ़िवाद और मिथ्या का खुला उदाहरण हैं, कहा कि आतंकी केवल ज़बान से ईमान का दावा करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर तकफ़ीरी आतंकवादी सीरिया व इराक़ पर क़ब्ज़ा कर लेते तो फिर दुनिया में इस्लाम की इज़्ज़त नाम की कोई चीज़ बाक़ी नहीं बचती।
इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति ने इसी तरह पैग़म्बरे इस्लाम के परिजनों के पवित्र रौज़ों की सुरक्षा करने वालों के साहस व त्याग की ओर इशारा करते हुए कहा कि इन लोगों का त्याग व बलिदान न होता तो न केवल इराक़ व सीरिया बल्कि पूरा क्षेत्र तकफ़ीरी आतंकवाद से चोट खाता। राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि इस्लामी जगत के वर्तमान हालात में केवल त्याग व बलिदान से मुसलमानों को मुक्ति मिल सकती है। (HN)