दुश्मन ईरान पर हमले की भारी क़ीमत चुकाएगाः चीफ़ आफ़ स्टाफ़
ईरान के ज्वाइंट चीफ़ आॅफ़ आर्मी स्टाफ़ ने कहा है कि दुश्मन इस ठोस निष्कर्ष पर पहुंच चुके हैं कि ईरान पर सैन्य हमले का नतीजा उनके लिए भारी जानी नुक़सान और अपमानजनक पराजय के रूप में सामने आएगा।
ब्रिगेडियर जनरल मुहम्मद बाक़ेरी ने शनिवार को नए सेना प्रमुख के रूप में ब्रिगेडियर अब्दुर्रहीम मूसवी की नियुक्ति के समारोह में कहा कि दुश्मन इस ठोस नतीजे पर पहुंच गया है कि अगर उसने ईरान पर हमला किया तो उसे भारी जानी क्षति उठानी पड़ेगी और साथ ही लज्जाजनक पराजय का सामना करना पड़ेगा और इसी लिए उसने प्राॅक्सी वाॅर का रास्ता अपनाया है। उन्होंने कहा कि ईरान की सेना दुश्मन और विश्व साम्राज्य के ख़तरों के मुक़ाबले में प्रतिरोधकर्ता की भूमिका निभा रही है।
ज्वाइंट चीफ़ आॅफ़ आर्मी स्टाफ़ ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि आज क्षेत्र में ईरान अत्यंत अहम और संवेदनशील भूमिका निभा रहा है, कहा कि दुश्मनों को आभास हो गया है कि ईरान पर हमले का नुक़सान उनके फ़ायदे से कहीं अधिक होगा और उन्हें इसकी भारी क़ीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि ईरान की सेना का भविष्य अत्यंत उज्जवल है और सेना व आईआरजीसी, इस्लामी क्रांति की रक्षा के लिए दो शक्तिशाली भुजाएं हैं।
ब्रिगेडियर जनरल मुहम्मद बाक़ेरी ने कहा कि सेना व आईआरजीसी एक दूसरे के पूरक हैं और इनकी क्षमताओं से ईरान के प्रभुत्व के मार्ग में लाभ उठाया जाना चाहिए। ज्ञात रहे कि सशस्त्र सेना के सुप्रीम कमांडर आयतुल्लाहिल उज़मा सैयद अली ख़ामेनेई ने 21 अगस्त को ब्रिगेडियर सैयद अब्दुर्रहीम मूसवी देश की सेना का प्रमुख नियुक्त किया है। (HN)