क़तर के राजदूत ने ईरान में आरंभ किया अपना काम
क़तर के राजदूत "अली बिन अहमद अलीअस्सलीती" ने शनिवार से तेहरान में क़तर के दूतावास में अपना काम शुरू कर दिया।
इस्ना की रिपोर्ट के अनुसार क़तर के राजदूत शुक्रवार को तेहरान पहुंचे और शनिवार 26 अगस्त से उन्होंने क़तर के दूतावास में आधिकारिक रूप में काम आरंभ किया।
इससे पहले 23 अगस्त को ईरान और क़तर के विदेशमंत्रियों ने टेलिफोनी वार्ता की थी जिसमें क़तर की ओर से इस देश के राजदूत के वापस ईरान आने के बारे में सूचित किया गया। ईरान तथा क़तर के विदेश मंत्रियों की टेलिफोन वार्ता से पहले क़तर के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी करके घोषणा की थी कि 18 महीनों के अंतराल के बाद क़तर के राजदूत को वापस ईरान भेजा जा रहा है।
ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासेमी ने क़तर के राजदूत की ईरान वापसी का स्वागत करते हुए गुरूवार को कहा था कि इस्लामी गणतंत्र ईरान, परस्पर संबन्धों को विस्तृत और प्रगाढ़ करने के पड़ोसी देशों के सकारात्मक प्रयासों का स्वागत करता है।