जेसीपीओए के बारे में पुनः वार्ता की संभावना नहीं हैः ज़रीफ़
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेश मंत्री ने परमाणु समझौते के बारे में पुनः वार्ता किए जाने की संभावना को ख़ारिज कर दिया है।
मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने न्यूयाॅर्क में एसोशिएटेड समाचर एजेंसी से बात करते हुए अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के कुछ निकटवर्ती लोगों की ओर से परमाणु समझौते (जेसीपीओए) के बारे में पुनः वार्ता की संभावना जताए जाने पर प्रतिक्रिया स्वरूप कहा कि यह एक निराधार कल्पना है और परमाणु समझौते की विषयवस्तु में किसी भी प्रकार के परिवर्तन से अनेक समस्याएं सामने आएंगी। उन्होंने ईरान के मीज़ाइल परीक्षण के ट्रम्प के दावे के बारे में कहा कि बेहतर होगा कि ट्रम्प कोई बयान देने से पहले उसका सत्यापन कर लिया करें।
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेश मंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने ट्रम्प के नए आप्रवासन अध्यादेश के बारे में भी कहा कि यह बात बड़ी दुखद है कि ट्रम्प असंबंधित राजनैतिक तर्कों के सहारे इस राष्ट्र से शत्रुता मोल लें जिसने अब तक किसी को भी नहीं सताया है। उन्होंने कुर्दिस्तान को इराक़ से अलग करने के हालिया रिफ़्रेंडम के बारे में कहा कि यह जनमत संग्रह क्षेत्र की सुरक्षा के लिए हानिकारक है। (HN)