बलोचिस्तान विस्फोट की ईरान ने की निंदा
ईरान ने पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत में हुए आत्मघाती विस्फोट की कड़े शब्दों में निंदा की है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बलोचिस्तान के झाल मगसी ज़िले में स्थित दरगाह फतेहपुर में गुरूवार को हुए आत्मघाती हमले की निंदा करते हुए प्रभावितों के परिजनों के प्रति सहानुभूति प्रकट की है।
बहराम क़ासेमी ने कहा कि इस प्रकार के कायराना हमले, अशांति उत्पन्न करने के उद्देश्य से किये जाते हैं। उन्होंने कहा कि इससे आतंकवादियों का उद्देश्य सांप्रदायिक हिंसा फैलाना भी होता है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान की सरकार और पाकिस्तानी राष्ट्र बहुत ही धैर्य के साथ आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष जारी रखें।
ज्ञात रहे कि पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत के झाल मगसी ज़िले में स्थित दरगाह फतेहपुर में गुरूवार को एक आत्मघाती हमला हुआ था जिसमें 18 लोग मारे गए और 30 से अधिक घायल हुए थे। रोएटर के अनुसार दाइश ने इस हमले की जि़म्मेदारी स्वीकार की है।