कुर्दिस्तान में आयोजित कराया गया जनमत संग्रह, विश्वासघात है
तेहरान की केन्द्रीय नमाज़े जुमा के इमाम ने इराक़ के कुर्दिस्तान क्षेत्र को देश से अलग कराने के लिए आयोजित कराए गए जनमत संग्रह को विश्वासघात बताया है।
जुमे की नमाज़ में ख़ुतबा देते हुए आयतुल्लाह अहमद ख़ातेमी ने कहा, विश्व के समस्त देशों ने कुर्दिस्तान में होने वाले जनमत संग्रह को औपचारिकता प्रदान नहीं की है।
उन्होंने कहा कि ईरान, इराक़ और तुर्की कुर्दिस्तान में जनमत संग्रह के आयोजन की साज़िश से एकजुट होकर प्रभावी रूप से निपट रहे हैं।
तेहरान के इमामे जुमा ने अमरीकी शहर लास वेगास में आतंकवादी हमले में दर्जनों लोगों की मौत की निंदा करते हुए कहा, ईरान दुनिया में कहीं भी निर्दोष लोगों के जनसंहार की निंदा करता है, लेकिन इसी के साथ उसका यह भी मानना है कि अमरीका और पश्चिम को यमन समेत दुनिया भर में निर्दोष लोगों की हत्याओं पर दोहरा रवैया नहीं अपनाना चाहिए।
आयतुल्लाह ख़ातेमी ने परमाणु समझौते का उल्लेख करते हुए कहा कि जेसीपीओए पर अब किसी तरह की कोई बातचीत नहीं की जा सकती, ईरानी जनता और अधिकारी अभी भी अमरीका पर कोई भरोसा नहीं करते हैं। msm