अमरीकी राष्ट्रपति समेत कोई भी परमाणु समझौते को पलटा नहीं सकताः रूहानी
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i50587-अमरीकी_राष्ट्रपति_समेत_कोई_भी_परमाणु_समझौते_को_पलटा_नहीं_सकताः_रूहानी
राष्ट्रपति रूहानी ने जेसीपीओए के लाभों को लौटाए जाने को असंभव बताते हुए कहा कि अमरीका के राष्ट्रपति समेत दुनिया का कोई भी व्यक्ति परमाणु समझौते को लौटा नहीं सकता।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Oct ०७, २०१७ १२:१८ Asia/Kolkata
  • अमरीकी राष्ट्रपति समेत कोई भी परमाणु समझौते को पलटा नहीं सकताः रूहानी

राष्ट्रपति रूहानी ने जेसीपीओए के लाभों को लौटाए जाने को असंभव बताते हुए कहा कि अमरीका के राष्ट्रपति समेत दुनिया का कोई भी व्यक्ति परमाणु समझौते को लौटा नहीं सकता।

डाॅक्टर हसन रूहानी ने शनिवार को देश के विश्व विद्यालयों और शोध केंद्रों का शैक्षिक साल शुरू होने के उपलक्ष्य में तेहरान विश्व विद्यालय में आयोजित एक समारोह में कहा कि जो लोग वचन तोड़ रहे हैं वे अपनी साख को अपने ही पैरों से रौंद रहे हैं लेकिन ईरान ने सही मार्ग चुना है और अपने वचनों पर डटा हुआ है। उन्होंने परमाणु समझौते (जेसीपीओए) को शांतिपूर्ण परमाणु तकनीक के इस्तेमाल के संबंध में ईरान की नैतिक विजय बताया और कहा कि परमाणु समझौते से पहले कुछ पक्ष कहते थे कि ईरान की परमाणु गतिविधियां ग़ैर क़ानूनी हैं और ईरान को यूरेनियम के संवर्धन का हक़ नहीं है लेकिन अब क़ाननूी दृष्टि से भी और संयुक्त राष्ट्र संघ की दृष्टि से भी यह एक क़ानूनी तकनीक है।

राष्ट्रपति रूहानी तेहरान विश्व विद्यालय में भाषण देते हुए

इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति ने बल देकर कहा कि अगर कोई देश ईरान पर हमला करना चाहेगा तो ईरान फिर उसके मुक़ाबले में विजयी होगा। ज्ञात रहे कि ईरान व गुट पांच धन एक के बीच हुए परमाणु समझौते पर जनवरी 2016 से क्रियान्वयन शुरू हो चुका है लेकिन अमरीकी सरकार इस समझौते को लागू करने में निरंतर अपने वचनों को तोड़ रही है। (HN)