सऊदी अधिकारी अपने व्यवहार पर नज़र डालें, ईरान
सऊदी विदेश मंत्री के ईरान विरोधी बयान पर ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बल दिया है कि बहुत अफ़सोस की बात है कि वह अभी भी उसी ग़लत और बेनतीजा व्यवहार पर बल दे रहे हैं जो पिछले कई वर्षों से सऊदी अरब अपनाए हुए है।
सऊदी विदेश मंत्री आदिल अलजुबैर ने लंदन स्थित थिंक टैंक ‘चैटम हाउस’ में ईरान के ख़िलाफ़ अपने निराधार दावे को दोहराते हुए कहा, "हम क्षेत्र, यमन, सीरिया और पाकिस्तान में ईरान के दुश्मनी भरे व्यवहार को देख रहे हैं और जब ईरान इस वक़्त इस तरह की शरारत कर रहा है तो उस वक़्त क्या करेगा अगर वह परमाणु हथियार हासिल कर ले।"
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासेमी ने कहा कि सऊदी अधिकारी ईरान के संबंध में अमरीका की निरर्थक नीतियों व बयानों के संबंध में ज़रूरत से ज़्यादा ख़ुशफ़हमी का शिकार होने के बजाए, अपने आतंरिक संकटों और क्षेत्र में जिन संकटों का उन्हें सामना है, उनसे सम्मानजनक ढंग से निकलने का रास्ता निकालें।
बहराम क़ासेमी ने कहा कि सऊदी अधिकारी अब इससे ज़्यादा क्षेत्र सहित अपने देश की जनता को अपने ग़लत समीकरण की बलि न चढ़ाएं बल्कि दूरदर्शिता से काम लेते हुए अपने हितों व ज़िम्मेदारी के आधार पर क्षेत्र की सच्चाई को सही तरह समझें और उसे क़बूल कर लें। (MAQ/N)