हैदर अलएबादी तेहरान पहुंचे
इराक़ के प्रधानमंत्री एक उच्च स्तरीय शिष्टमंडल के साथ बुधवार की रात तेहरान पहुंच गए।
हैदर अलएबादी तुर्की के एक दिवसीय दौरे की समाप्ति के बाद इस्लामी गणतंत्र ईरान के अधिकारियों से मुलाक़ात और वार्ता के लिए बुधवार की रात एक उच्च स्तरीय राजनैनतिक, आर्थिक व सांस्कृतिक प्रतिनिधिमंडल के साथ तेहरान पहुंचे। अपने इस एक दिवसीय दौरे में वे ईरानी अधिकारियों से ईरान व इराक़ के द्विपक्षीय संबंधों में विस्तार और क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर वार्ता करेंगे। राजनैतिक, सुरक्षा, आर्थिक और व्यापारिक सहयोग की सुदृढ़ता, दाइश के बाद क्षेत्र के भविष्य के बारे में इराक़ का दृष्टिकोण और इराक़ की संप्रभुता व अखंडता की रक्षा एेसे विषय हैं जिनके बारे में हैदर अलएबादी ईरानी अधिकारियों से विचार विमर्श करेंगे।
पिछले एक साल में इराक़ के प्रधानमंत्री की यह दूसरी ईरान यात्रा है। उन्होंने तेहरान यात्रा से पहले अपने तुर्की के दौरे में इस देश के राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोग़ान और प्रधानमंत्री बिनाली यिलदरिम से अलग अलग मुलाक़ात की। इन मुलाक़ातों में द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर बातचीत हुई। (HN)