सीरिया ने प्रतिरोध से महान सफलताएं प्राप्त कींः लारीजानी
ईरान के संसद सभापति ने आतंकियों के मुक़ाबले में सीरिया की विजयों की ओर संकेत करते हुए कहा है कि आतंकी गुट दाइश ने सीरियाई जनता को बहुत नुक़सान पहुंचाया लेकिन अंततः इस देश की जनता ने अपने प्रतिरोध से महान सफलताएं हासिल कीं।
डाॅक्टर अली लारीजानी ने सीरिया के उप विदेश मंत्री फ़ैसल मिक़दाद से तेहरान में होने वाली मुलाक़ात में कहा कि ईरान ने अपने कुर्द मित्रों को सचेत किया है कि वे क्षेत्र में किसी नई समस्या के सिर उठाने की ओर से होशियार रहें और उनमें से बहुत से अहम लोगों ने यह बात मानी है। उन्होंने कहा कि अमरीका की ओर से इस तरह की समस्याएं पैदा किए जाने का नुक़सान सिर्फ़ उन्हीं को होगा।
इस मुलाक़ात में सीरिया के उप विदेश मंत्री फ़ैसल मिक़दाद ने डाॅक्टर लारीजानी को राष्ट्रपति बश्शार असद का सलाम पहुंचाया और कहा कि सीरिया में आतंकियों से लड़ने में ईरान का बलिदान सीरियाई जनता से कम नहीं था और सीरिया की जनता व सरकार ईरानियों के त्याग की आभारी हैं। उन्होंने कहा कि अगर अमरीका ने रुकावट न डाली होती तो सीरिया आतंकियों से लड़ाई में बहुत पहले विजयी हो चुका होता। फ़ैसल मिक़दाद ने ईरान के ख़िलाफ़ अमरीकी राष्ट्रपति के शत्रुतापूर्ण बयानों की निंदा करते हुए कहा कि इन सारे कुप्रयासों के बावजूद अमरीका अपने निकटतम सहयोगियों से भी अलग थलग हो गया है और सभी ईरान का साथ दे रहे हैं। (HN)