ईरान का मीज़ाइल कार्यक्रम, प्रतिरक्षात्मक हैः वरिष्ठ ईरानी सांसद
ईरान के एक वरिष्ठ सांसद ने कहा है कि देश का मीज़ाइल कार्यक्रम इराक़ द्वारा ईरान पर थोपे गए आठ वर्षीय युद्ध के अनुभवों का फल और प्रतिरक्षात्मक आयाम का है।
ईरान की संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति आयोग के प्रमुख अलाउद्दीन बुरूजर्दी ने आॅस्ट्रीया के विदेश सचिव माइकल लिनहार्ट से तेहरान में हुई मुलाक़ात में कहा कि हर तरह के ख़तरों के बावजूद इस्लामी गणतंत्र ईरान अंतर्राष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं और इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता के धार्मिक फ़तवे के आधार पर परमाणु, जैविक और रासायनिक हथियार बनाने का विरोधी है। उन्होंने अमरीकी राष्ट्रपति के ईरान विरोधी बयान की आलोचना करते हुए कहा कि परमाणु समझौता एक अंतर्राष्ट्रीय समझौता है जिसे संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद ने भी पारित किया है और कोई भी देश एकपक्षीय ढंग से इसे निरस्त करने की क्षमता नहीं रखता।
इस मुलाक़ात में आॅस्ट्रीया के विदेश सचिव माइकल लिनहार्ट ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि उनका देश, क्षेत्र के एक अहम व प्रभावी देश के रूप में इस्लामी गणतंत्र ईरान के साथ अपने संबंधों के विस्तार को अत्यधिक महत्व देता है, कहा कि आॅस्ट्रिया व अन्य यूरोपीय देश जेसीपीओए या परमाणु समझौते के समर्थन में ईरान के साथ खड़े हैं और वे इस बात की अनुमति नहीं देंगे कि कुछ लोग एकपक्षीय ढंग से उसे ख़तरे में डाल दें। (HN)