ज़रीफ़ ने की ताजिकिस्तान के राष्ट्रपति से मुलाक़ात
ईरान के विदेशमंत्री जवाद ज़रीफ़ ने ताजिकिस्तान के राष्ट्रपति इमाम अली रहमान से दोशंबे में भेंटवार्ता की।
फ़ार्स समाचार एजेन्सी के अनुसार बुधवार को ताजिकिस्तान की राजधानी दोशंबे में जवाद ज़रीफ़ तथा इमाम अली रहमान के बीच होने वाली मुलाक़ात में द्विपक्षीय संबन्धों को विस्तृत करने, आर्थिक सहयोग, पूंजी निवेश, परिवहन, उद्योग और कृषि जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। दोनो नेताओं ने आतंकवाद और अतिवाद के विरुद्ध संघर्ष के बारे में भी विचार-विमर्श किया।
विदेशमंत्री जवाद ज़रीफ़ ने इससे पहले दोशंबे में ताजिकिस्तान के अपने समकक्ष सेराजुद्दीन अस्लोफ़ से भी भेंट की थी। ईरान के विदेशमंत्री, ताजिकिस्तान के वरिष्ठ अधिकारियों से भेंटवार्ताएं करने के बाद शुक्रवार को आयोजित होने वाली अन्तर्राष्ट्रीय कांफ्रेंस में भी भाग लेंगे जिसका शीर्षक है, केन्द्रीय एशिया में स्थाई शांति एवं सुरक्षा"। इस काफ़्रेंस में राष्ट्रीय तथा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के नेता भाग लेंगे।