ईरान और क़तर के बीच व्यापारिक लेनदेन में 120 प्रतिशत की वृद्धि
ईरान के उद्योग, खनिज और व्यापार मंत्री ने कहा है कि क्षेत्र पर छायी विशेष स्थिति और ईरान के साथ संबंधों के विस्तार के लिए क़तरी पक्षों की रुचि के दृष्टिगत, पिछले कुछ महीनों के दौरान ईरान और क़तर के बीच व्यापारिक लेनदेन में 120 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
ईरान के उद्योग, खनिज और व्यापार मंत्री मुहम्मद शरीअत मदारी ने शनिवार को तेहरान में क़तर के आर्थिक मामलों के मंत्री अहमद बिन जासिम बिन मुहम्मद आले सानी से मुलाक़ात में एक वर्ष के दौरान ईरान और क़तर के बीच व्यापारिक लेनदेन को पांच अरब डाॅलर तक पहुंचाने के लिए क़तर के प्रस्ताव की सूचना दी और कहा कि पिछले सात महीनों के दौरान,ईरान से क़तर के लिए 9 करोड़ 70 लाख डाॅलर की वस्तुएं निर्यात की गयीं जबकि तकनीक और इन्जीनियरिंग के क्षेत्र में एक अरब डाॅलर की वस्तुओं का निर्यात किया गया।
ईरान के उद्योग, खनिज और व्यापार मंत्री मुहम्मद शरीअत मदारी ने क़तर के आधारभूत ढांचे को दुनिया के साथ आर्थिक संबंध बेहतर बनाने के लिए इस क्षमता से भरपूर लाभ उठाने हेतु ईरान के लिए बेहतरीन अवसर बताया और कहा कि इस बात के दृष्टिगत कि क़तर वर्ष 2022 में एक महत्वपूर्ण अंतर्राष्ट्रीय मुक़ाबलों की मेज़बानी करेगा इसीलिए उसे ईरान से अपने आयात के स्तर को बढ़ना चाहिए और अवसर से भरपूर लाभ उठाना चाहिए।
ज्ञात रहे कि क़तर के आर्थिक मामलों के मंत्री अहमद बिन जासिम बिन मुहम्मद आले सानी ने उच्चस्तरीय व्याारिक शिष्टमंडल के साथ शनिवार को तेहरान पहुंचे थे और उन्होंने तेहरान की अपनी यात्रा के दौरान ईरान के उद्योग, खनिज और व्यापार मंत्री मुहम्मद शरीअत मदारी से मुलाक़ात की। (AK)