फ़्रांस राजनैतिक ब्लैकमेलिंग से दूर रह कर ईरान से संबंध बनाए, क़ासेमी
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि फ़्रांसीसी अधिकारियों को चाहिए कि वह सच्चाई को मद्देनज़र रखते हुए पेरिस-तेहरान संबंध क़ायम करें और इस संबंध में कुछ विरोधी देशों की प्राचारिक व राजनैतिक ब्लैकमेलिंग पर ध्यान न दें।
बहराम क़ासेमी ने फ़्रांसीसी राष्ट्रपति के ताज़ा ईरान विरोधी बयान की प्रतिक्रिया में कहा कि हमें उम्मीद है कि फ़्रांसीसी पक्ष सच्चाई को मद्देनज़र रखते हुए ईरान के साथ सहयोग का आधार रखेगा।
उनहोंने कहा कि योरोप में ईरान के अहम भागीदारों में फ़्रांस भी है और आर्थिक, सांस्कृतिक व राजनैतिक सहयोग के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच अच्छे संपर्क हैं।
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि तेहरान-पेरिस के बीच क्षेत्रीय व वैश्विक मामलों पर बातचीत पहले से होती रही है, कहा कि दोनों देशों के उच्च अधिकारियों के बीच विचार विमर्श क्षेत्र सहित दुनिया में शांति व स्थिरता लाने में प्रभावी हो सकती है।
उन्होंने इस बात पर बल दिया कि इस समय इस्लामी गणतंत्र ईरान क्षेत्र का सबसे स्थिर देश है और उसने आतंकवाद के ख़िलाफ़ संघर्ष में अंग्रिम पंक्ति में रहकर क्षेत्र की स्थिरता में मदद करने में बड़ा योगदान दिया है। (MAQ/N)