आपसी संबंध व सहयोग में विस्तार पर ईरान व पाकिस्तान का बल
ईरान व पाकिस्तान के संसद सभापतियों ने दोनों देशों के आपसी संबंध व सहयोग में विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया हैै।
डाॅक्टर अली लारीजानी और सरदार अयाज़ सादिक़ ने, जो मादक पदार्थों की रोकथाम की अंतर्राष्ट्रीय काॅन्फ़्रेंस में भाग लेने के लिए रूस में हैं, माॅस्को में एक दूसरे से मुलाक़ात की और द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के अहम विषयों के बारे में बात चीत की। दोनों ने इसी तरह आतंकवाद और मादक पदार्थों से संघर्ष को एक अंतर्राष्ट्रीय चुनौती के रूप में ईरान व पाकिस्तान के लिए भी ख़तरनाक बताया। डाॅक्टर अली लारीजानी और सरदार अयाज़ सादिक़ ने मित्र व पड़ोसी राष्ट्रों के रूप में ईरान व पाकिस्तान के बीच सहयोग के विषयों और आपसी सहयोग में विस्तार पर बल दिया।
ज्ञात रहे कि ईरान के संसद सभापति रविवार को एक शिष्ट मंडल के साथ माॅस्को पहुंचे हैं। उन्होंने माॅस्को पहुंचने के बाद मादक पदार्थों की रोकथाम में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि मादक पदार्थों की रोकथाम की अंतर्राष्ट्रीय काॅन्फ़्रेंस में देशों की संसदों के अनुभवों का आदान-प्रदान काफ़ी लाभदायक सिद्ध हो सकता है। यह काॅन्फ़्रेंस सोमवार को माॅस्को में आयोजित होगी और इसमें संसार के चालीस से अधिक देशों के संसद सभापति भाग लेंगे। (HN)