ईरान के ख़िलाफ़ अमरीका के निराधार बयान उसकी बौखलाहट के परिचायक
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने, अमरीकी राष्ट्रपति के सलाहकार जेयर्ड कूश्नर के हालिया बयान और ईरान के ख़िलाफ़ उनके निराधार आरोपों को अमरीकी अधिकारियों की बौखलाहट का चिन्ह बताया है।
ट्रम्प के दामाद और सलाहकार जेयर्ड कूश्नर ने रविवार को ब्रूकिंग्ज़ इंस्टीट्यूट के मध्यपूर्व केंद्र की बैठक में दावा किया था कि ईरान पर दबाव डालने के लिए संसार को एकजुट करने में उनके देश को ध्यान योग्य सफलताएं मिली हैं। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासेमी ने कहा कि अगर इराक़ व सीरिया समेत क्षेत्र में आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में इस्लामी गणतंत्र ईरान के बलिदान और प्रयास न होते तो इस समय अमरीका की सड़कों पर भी आतंकी कार्यवाहियां और चरमपंथी गुटों की हिंसक कार्यवाहियां दिखाई देतीं।
उन्होंने कहा कि विश्व समुदाय को क्षेत्र में चरमपंथी व आतंकी गुटों से संघर्ष में ईरान के त्याग और उसकी सैद्धांतिक नीतियों का मूल्य समझना चाहिए। बहराम क़ासेमी ने कहा कि अमरीकी राष्ट्रपति के सलाहकार की ओर से ईरान पर चरमपंथ और अतिक्रमण का आरोप, आतंकवाद के मुक़ाबले में ईरान के प्रयासों पर अमरीकी अधिकारियों की बौखलाहट का परिचायक है जिसके चलते वे इस देश पर निराधार आरोप लगा रहे हैं। (HN)