अमरीकियों में कोई भी जीत हासिल करने की क्षमता नहीं हैः आईआरजीसी
आईआरजीसी के उप कमांडर ने कहा है कि अमरीकियों के पास बेतहाशा धन ख़र्च करने के बाद भी कोई भी जीत हासिल करने की क्षमता नहीं है।
ब्रिगेडियर जनरल हुसैन सलामी ने गुरुवार को उत्तर पश्चिमी ईरान के तबरेज़ नगर में कहा कि कभी अमरीकी सैन्य सलाहकार ईरान को संचालित करते थे लेकिन आज न केवल वे ईरान में नहीं हैं बल्कि उन्हें भूमध्य सागर तक खदेड़ दिया गया है और लाल सागर तक उनका पीछा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संसार पर अमरीका के राजनैतिक वर्चस्व का भरम हाल ही में संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद में हुए मतदान के दौरान पूरी दुनिया की आंखों के सामने टूट गया क्योंकि दुश्मन, ईरानी जनता को सही तरह से पहचाने बिना अपनी इज़्ज़त गंवा बैठे बल्कि अमरीका के पारंपरिक घटकों ने भी उनका साथ नहीं दिया।
आईआरजीसी के उप कमांडर ने कहा कि अगर अमरीकी, ईरान के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप न करते तो उन्हें इस पराजय का सामना न करना पड़ता। ब्रिगेडियर जनरल हुसैन सलामी ने कहा इस्लामी क्रांति, इंसानों की प्रतिष्ठा की बहाली, अत्याचारी शासकों से जनता की मुक्ति और न्याय की स्थापना के लिए अस्तित्व में आई और सभी अत्याचारी शक्तियों ने उससे दुश्मनी शुरू कर दी। (HN)