गुरुवार से शुरु हो रहा है रूहानी का एेतिहासिक भारत दौरा
इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक निमंत्रण पर गुरुवार को भारत के तीन दिवसीय सरकारी दौरे पर जाएंगे।
राष्ट्रपति कार्यालय के जनसंपर्क विभाग के डायरेक्टर परवेज़ इस्माईली के अनुसार, डाक्टर हसन रूहानी ईरान - भारत संबंधों के विस्तार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले साल ईरान दौरे के जवाब में कल से भारत का दौरा करेंगे। उनका कहना था कि राष्ट्रपति रूहानी का दौरा, भारतीय प्रधानमंत्री के मई 2016 के ईरान दौरे का ही क्रम है और राष्ट्रपति अपनी भारत यात्रा हैदराबाद आरंभ करेंगे।
राष्ट्रपति अपने इस दौरे में भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, मुस्लिम समुदाय की प्रसिद्ध हस्तियों से मुलाक़ात करने के अतिरिक्त सांस्कृतिक व धार्मिक केन्द्रों का दौरा भी करेंगे।
ईरान के राष्ट्रपति के दौरे के अवसर पर दोनों देशों के निजी विभागों की संयुक्त प्रेस कांफ़्रेंस भी होगी जिसमें द्विपक्षीय व्यापार और पूंजीनिवेश बढ़ाने के मार्गों की समीक्षा की जाएगी।
डाक्टर रूहानी शनिवार की शाम अपना दौरा पूरा करके नई दिल्ली से स्वदेश रवाना होंगे। राष्ट्रपति रूहानी के भारत दौरे पर टीकाकारों का कहना है कि ईरान के राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी के भारत दौरे से दोनों देशों के बीच रणनैतिक संबंध और अधिक मज़बूत होंगे। टीकाकारों का कहना है कि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले वर्ष ईरान का दौरा किया जिसमें दोनों देशों ने चाबहार बंदरगाह के हवाले से समझौते पर हस्ताक्षर करके द्विपक्षीय संबंधों में नया अध्याय शुरु किया और अब ईरानी राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी के भारत दौरे से यह संबंध और अधिक विस्तृत होंगे। (AK)