नई दिल्ली, राष्ट्रपति रूहानी का भव्य स्वागत+ फ़ोटो
इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी का भारत के राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भव्य स्वागत किया।
शनिवार की सुबह राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी का नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शानदार स्वागत किया। इस अवसर पर दोनों देश के राष्ट्रगान बजाए गये और राष्ट्रपति हसन रूहानी के सम्मान में 21 तोपों की सलामी पेश की गयी।

इस समारोह के बाद दोनों देशों के राष्ट्रपतियों ने अपने साथ मौजूद प्रतिनिधि मंडल का परिचय कराया। इसके बाद राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी राजघाट पर स्थित भारत के राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर गये और उन्होंने वहां श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच मुलाक़ात के बाद दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे और चाबहार बंदरगाह के हवाले से भी महत्वपूर्ण बातचीत की आशा है।

इससे पहले डाक्टर हसन रूहानी ने नई दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा था कि इस्लामी गणतंत्र ईरान और भारत के बीच संबंधों में विस्तार से दोनों देशों की जनता विशेषकर क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा के लिए लाभदायक है।

उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए ईरान और भारत को एशिया के दो महत्वपूर्ण देश बताते हुए कहा कि परस्पर संबंधों में विस्तार से दोनों देशों की जनता को लाभ पहुंचेगा।

उधर राष्ट्रपति रूहानी ने भारतीय विदेशमंत्री सुषमा स्वराज से मुलाक़ात में महत्वपूर्ण क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर विचार विमर्श किया।
हमारे संवाददाता की रिपोर्ट के अनुसार इस मुलाक़ात में राष्ट्रपति रूहानी और भारत की विदेशमंत्री सुषमा स्वराज ने आपसी रुचि के विषयों पर चर्चा की और विभिन्न क्षेत्रों में दोनों देशों के संबंधों में विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया।

इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी एक उच्च स्तरीय राजनैतिक और आर्थिक प्रतिनिधि मंडल के साथ गुरुवार को हैदराबाद पहुंचे थे।
डाक्टर हसन रूहानी ने अपनी दो दिवसीय हैदराबाद यात्रा के दौरान हैदराबाद के राजनेताओं, मुस्लिम बुद्धिजीवियों और प्रसिद्ध हस्तियों से मुलाक़ात भी की थी। उन्होंने शुक्रवार को मक्का मस्जिद में जुमे का भाषण भी दिया था।

राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी की नई दिल्ली यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापारिक और आर्थिक सहयोग सहित विभिन्न क्षेत्रों में 15 समझौतों पर हस्ताक्षर होंगे।
वर्तमान समय में ईरान और भारत के बीच 9 अरब डाॅलर से अधिक का आदान प्रदान होता है और दोनों पक्ष इस स्तर को बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। (AK)