पूर्वी ग़ोता में मानवीय त्रासदी की रोकथाम बहुत ज़रूरीः ईरान
राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने सीरिया के शहर पूर्वी ग़ोता में मानवीय त्रासदी की रोकथाम की आवश्यकता पर बल दिया है।
राष्ट्रपति रूहानी ने अपने तुर्क समकक्ष रजब तैयब अर्दोग़ान से टेलीफ़ोन पर बातचीत करते हुए कहा कि सीरिया की जनता और विशेष रूप से पूर्वी ग़ोता में आम नागरिकों को बचाने के लिए ईरान और तुर्की की भारी ज़िम्मेदारियां हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि दो पड़ोसी और मुस्लिम देश के रूप में ईरान और तुर्की को चाहिए कि वह सीरिया में युद्ध विराम और शांति की स्थापना के लिए अपनी पूर क्षमताओं को प्रयोग करे।
डाक्टर हसन रूहानी ने पूर्वी ग़ोता से आतंकवादियों के राकेट हमले बंद होने और राजधानी की सुरक्षा की गैरेंटी दिए जाने के साथ क्षेत्र से आम नागरिकों के निकलने के लिए सुरक्षित कोरिडोर बनाए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
राष्ट्रपति ने पूर्वी ग़ोता से आतंकवादियों के निष्कासन के लिए रूसी सुझाव को क्षेत्र में शांति की स्थापना की ओर एक क़दम बताते हुए तुर्की पर बल दिया कि वह इस लक्ष्य को सुनिश्चित करने के लिए अपने प्रभाव से लाभ उठाए।
तुर्क राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोग़ान ने भी इस अवसर पर कहा कि पूर्वी ग़ोता की स्थिति बहुत ही चिंताजनक है। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि ईरान और तुर्की पूर्वी ग़ोता में शांति की स्थापना के लिए मिलकर काम करेंगे। (AK)