ईरान और पाकिस्तान द्विपक्षीय व्यापार को 5 अरब तक पहुंचाने पर सहमत
ईरान के विदेशमंत्री और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के बीच संबंधों में विस्तार के बारे में विचार विमर्श किया।
इस्लामाबाद से हमारे संवाददाता की रिपोर्ट के अनुसार विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने इस्लामाबाद में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहिद ख़ाकान अब्बासी के साथ मुलाक़ात में अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं में पाकिस्तान की ओर से ईरान के समर्थन पर आभार व्यक्त किया।
ईरान के विदेशमंत्री ने दोनों मित्र और पड़ोसी देशों के बीच संबंधों में विस्तार पर बल दिया।
श्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ और श्री शाहिद ख़ाकान अब्बासी ने इस मुलाक़ात में शांति गैस पाइप लाइन के बारे में भी विचार विमर्श किया और तय पाया है कि दोनों देश के पेट्रोलियम मंत्रालयों के बीच इस योजना को आगे बढ़ाने की तकनीकी स्तर की वार्ता अंजाम दी जाए।
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के बीच वार्ता में दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ाने, बैंकिंग लेनदेन में मौजूद रुकावटों को दूर करने और क्षेत्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय फ़ोरमों पर एक दूसरे के साथ सहयोग के बारे में विचार विमर्श किया गया।
ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहिद ख़ाकान अब्बासी ने 2021 तक द्विपक्षीय व्यापार को 5 अरब डाॅलर तक पहुंचाए जाने पर सहमति व्यक्त की।
दूसरी ओर विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने पकिस्तान के गृहमंत्री अहसन एक़बाल से मुलाक़ात में द्विपक्षीय संबंधों में विस्तार पर बल दिया। इसी प्रकार दोनों नेताओं ने सीमा सुरक्षा के विषय पर भी विचार विमर्श किया और तय यह पाया कि दोनों देशों के बीच सुरक्षा समिति की गतिविधियां बढ़ाई जाएंगी।
ज्ञात रहे कि ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ एक उच्चस्तरीय व्यापारिक और आर्थिक प्रतिनिधि मंडल के साथ रविवार की रात पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पहुंचे थे जहां उन्होंने ईरान-पाकिस्तान संबंधों की 70वीं वर्षगांठ के कार्यक्रम को भी संबोधित किया। (AK)