क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा की स्थापना पर ईरान और ओमान का बल
इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने ओमान के विदेशमंत्री से मुलाक़ात में तेहरान-मस्क़त के संबंधों में विस्तार पर पहले से अधिक बल दिया।
राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने तेहरान में यूसुफ़ बिन अलवी से मुलाक़ात में द्विपक्षीय आर्थिक व व्यापारिक संबंधों में विस्तार के लिए दोनों देशों के बैंकिग संबंधों में विस्तार तथा दोनों देशों के व्यापारियों की आवाजाही के लिए सुविधाएं प्रदान करने को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान, ओमान के साथ द्विपक्षीय संबंधों में विस्तार के लिए दृढ़ संकल्पित है।
डाक्टर हसन रूहानी ने कहा कि आज ईरान और ओमान के कंधों पर क्षेत्रीय समस्याओं के बारे में भारी ज़िम्मेदारी है इसीलिए दोनों देशों को क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा के विस्तार की परिधि में अपने अनुभवों से लाभ उठाने के लिए क़दम बढ़ाना चाहिए।
डाक्टर हसन रूहानी ने बल दिया कि यमन की जनता के जनसंहार और इस निर्धन देश पर बमबारी को रोकने के लिए प्रयास किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ईरान और ओमान के परस्पर सहयोग, यमन की जनता के जनसंहार को रुकवाने तथा इस देश में शांति की स्थापना के लिए सहायक सिद्ध हो सकते हैं।
इस मुलाक़ात में ओमान के विदेशमंत्री ने दोनों देशों के मैत्रीपूर्ण संबंधों और इन संबंधों में हालिया वर्षों में विस्तार की ओर संकेत करते हुए कहा कि ओमान, ईरान के साथ हर क्षेत्र में संबंधों के विस्तार का इच्छुक रहा है। (AK)