आतंकवाद के समर्थक देश अमरीका को ग़ुंडा टैक्स दे रहे हैंः ईरान
ईरान की विदेशी संबंधों की स्ट्रेटेजिक परिषद के प्रमुख ने कहा है कि आतंकवाद के समर्थक और क्षेत्र को अस्थिर करने वाले देश अमरीका की वर्तमान सरकार को अरबों डाॅलर ग़ुंडा टैक्स दे रहे हैं ताकि अपनी विध्वंसक नीतियों के प्रति अमरीका के समर्थन की ओर से निश्चिंत रहें।
डाॅक्टर कमाल ख़र्राज़ी ने पाकिस्तान में "इस्लामाबाद पाॅलिटिकल स्टडीज़ सेंटर" में भाषण देते हुए कहा कि अफ़ग़ानिस्तान समेत अन्य क्षेत्रों में आतंकियों को भेजने में फ़ार्स की खाड़ी के कुछ दक्षिणी तटवर्ती देशों और अमरीका का हाथ है और ईरान के दुश्मन कोशिश कर रहे हैं कि तकफ़ीरी आतंकियों से संघर्ष में ईरान के बलिदान को उलटा करके दुनिया के सामने पेश करें। उन्होंने आतंकवाद से संघर्ष में क्षेत्रीय सहयोग पर बल देते हुए कहा कि ईरान, क्षेत्रीय संकटों के समाधान और सुरक्षा व स्थिरता की स्थापना के लिए अन्य देशों के साथ द्विपक्षीय व बहुपक्षीय सहयोग के लिए तैयार है।
ईरान की विदेशी संबंधों की स्ट्रेटेजिक परिषद के प्रमुख ने कहा कि फ़ार्स की खाड़ी के कुछ दक्षिणी तटवर्ती देशों ने अमरीका पर अधिक निर्भरता और इस्राईल से अधिक निकटता की नीति अपना कर क्षेत्रीय देशों में संकट पैदा करने और उनमें हस्तक्षेप करने की नीति अपनाए हुए हैं जिसके चलते क्षेत्र में अधिक अस्थिरता पैदा हुई है। डाॅक्टर ख़र्राज़ी ने ईरान की ओर से इराक़ व सीरिया की सरकारों के समर्थन का उद्देश्य क्षेत्रीय देशों की अखंडता व अस्थिरता की रक्षा बताया और कहा कि सीरिया व इराक़ से आतंकी गुटों के सफ़ाए के बाद अनुमान है कि वे अन्य रूपों में अपनी आतंकी कार्यवाहियों जारी रखेंगे और अफ़ग़ानिस्तान, उत्तरी अफ़्रीक़ा और मध्य एशिया में अशांति पैदा करेंगे। (HN)