तुर्कमनिस्तान से संबंध विस्तार ईरान के लिए अहमः रूहानी
ईरान व तुर्कमनिस्तान के राष्ट्राध्यक्षों ने दोनों देशों की व्यापक क्षमताओं व गुंजाइशों की ओर इशारा करते हुए तेहरान व अश्काबाद के संबंधों व सहयोग में विस्तार व सुदृढ़ता के लिए कोशिशें किए जाने पर बल दिया है।
डाॅक्टर हसन रूहानी ने ईरान व तुर्कमनिस्तान के उच्च शिष्टमंडलों की संयुक्त बैठक में ऊर्जा, ट्रांज़िट और परिवहन इत्यादि क्षेत्रों में दोनों देशों के सहयोग की ओर संकेत किया और कहा कि सभी क्षेत्रों में ईरान व तुर्कमनिस्तान के संबंधों में अधिक से अधिक विस्तार आना चाहिए। इस अवसर पर तुर्कमनिस्तान के राष्ट्रपति क़ुरबान क़ुल मुहम्मदोफ़ ने भी विभिन्न राजनैतिक, आर्थिक, व्यापारिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में तेहरान व अश्काबाद के संबंधों में विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि अनेक क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मामलों विशेष कर वैश्विक शांति व प्रगति के संबंध में दोनों देशों के समान दृष्टिकोण हैं और इनके आपसी सहयोग में पहले से अधिक वृद्धि होनी चाहिए।
दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों की उपस्थिति में मंगलवार को ईरान व तुर्कमनिस्तान ने 13 समझौतों व सहमति पत्रों पर हस्ताक्षर किए। यह समझौते सांस्कृतिक, व्यापारिक, औद्योगिक, सूचनाओं के आदान-प्रदान, कृषि, स्पोर्ट्स और वायु परिवहन जैसे क्षेत्रों में हुए हैं। ईरान के राष्ट्रपति अपने तुर्कमन समकक्ष के औपचारिक निमंत्रण पर मंगलवार को अश्काबाद पहुंचे हैं। इसके बाद वे बुधवार को आज़रबाइजान जाएंगे। (HN)