सऊदी अधिकारी ईरान को ख़तरा दर्शाने के लिए अमरीका पहुंचे हैंः ज़रीफ
विदेश मंत्री ने कहा है कि क्षेत्र को वार्ता की ज़रूरत है और सऊदी अधिकारी ईरान को क्षेत्र के लिए ख़तरा दर्शाने के लक्ष्य के तहत अमरीका पहुंचे हैं।
मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने अमरीका की विदेशी संबंधों की परिषद नामक थिंक टैंक में क्षेत्र में जारी झड़पों की ओर संकेत करते हुए कहा कि क्षेत्र को बड़ी शिद्दत से परिवर्तन की ज़रूरत है और इसके लिए सबसे पहले क़दम के रूप में क्षेत्र में वार्ता के अभाव को समाप्त करना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए कुछ सिद्धांतों का पालन करना होगा जिनमें एक दूसरे के मामलों में हस्तक्षेप न करना और विश्वास बहाली के लिए क़दम उठाना शामिल है।
विदेश मंत्री ज़रीफ़ ने इस बात पर बल देते हुए कि इस शताब्दी में होने वाले युद्धों में कोई विजेता नहीं है बल्कि सभी पराजित हैं, कहा कि एक शक्तिशाली क्षेत्र बनाने के लिए क्षेत्र में सबसे शक्तिशाली बनने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए और अगर कोई देश एेसा करता है तो वह क्षेत्र की तबाही के मार्ग पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि साम्राज्यवादी प्रभाव का काल बहुत पहले समाप्त हो चुका है लेकिन अमरीका अब भी इसे जारी रखने की कोशिश कर रहा है और अगर क्षेत्र व्यापक परिवर्तन की ओर नहीं बढ़ा तो अमरीका को फिर घाटा उठाना पड़ेगा क्योंकि उसे अधिक क़ीमत चुकानी होगी।
ज्ञात रहे कि ईरान के विदेश मंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़, टिकाऊ शांति के अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए न्यूयार्क पहुंचे हैं। यह सम्मेलन 24 और 25 अप्रैल को संयुक्त राष्ट्र संघ की महासभा में आयोजित होगा। (HN)