अमरीका, आतंकवादियों को अफ़ग़ानिस्तान पहुंचा रहा है
इस्लामी गणतंत्र ईरान ने एशियाई देशों पर बल दिया है कि वह आतंकवादियों के विरुद्ध युद्ध में भाग लें और प्रभावी भूमिका अदा करें।
इस्लामी गणतंत्र ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव एडमिरल अली शमख़ानी ने रूस के सोची शहर में आयोजित नवीं अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा कांफ़्रेंस के अवसर पर इर्ना से बात करते हुए कहा कि अमरीका, सीरिया और इराक़ में मौजूद आतंकवादियों को अफ़ग़ानिस्तान पहुंचाना चाहता है इसीलिए हमारी मांग है कि एशियाई देश, आतंकवाद के विरुद्ध युद्ध में भाग लें ताकि इस प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से आगे तक ले जाया जाए।
एडमिरल अली शमख़ानी ने कहा कि इस बैठक में ईरान के दृष्टिकोण को स्वीकारा गया और आतंकवाद के सफ़ाए, परमाणु समझौते और क्षेत्र को अशांत बनाने के लिए विदेशियों के षड्यंत्रों और नापाक इरादों पर वार्ता हुई।
ज्ञात रहे कि सोची में होने वाली नवीं अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा कांफ़्रेंस के अवसर पर ईरान, पाकिस्तान और रूस के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों ने एक संयुक्त बैठक में एशियाई देशों की सुरक्षा कांफ़्रेंस बुलाने पर सहमति व्यक्त की है। (AK)