ईरान ने किया उत्तर और दक्षिण कोरिया के निर्णय का स्वागत
ईरान के विदेश मंत्रालय ने एलान किया है कि वह उत्तरी तथा दक्षिणी कोरिया की ओर से तनाव दूर करके संबन्धों को सामान्य बनाने के निर्णय का स्वागत करता है।
बहराम क़ासेमी ने कहा है कि इस्लामी गणतंत्र ईरान, उत्तरी कोरिया के नेता तथा दक्षिणी कोरिया के राष्ट्रपति की हालिया भेंटवार्ता को, शांति के मार्ग पर आगे बढ़ने की दिशा में उठाया गया क़दम मानता है। उन्होंने कहा कि यह क़दम, क्षेत्र के साथ ही विश्व शांति एवं सुरक्षा के मार्ग में प्रभावी सिद्ध होगा। बहराम क़ासेमी का कहना था कि ईरान का मानना है कि कोरिया प्रायःद्वीप से तनाव दूर करने के मार्ग में उठाए गए क़दम को बहुत ही सावधानी और दूरदर्शिता से आगे बढाया जाए जिसमे किसी तीसरे पक्ष को हस्तक्षेप का अधिकार न हो।
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि ईरान की हमेशा से यह नीति रही है कि जनसंहारक शस्त्रों का उत्पादन, उनका भण्डारण तथा उनका प्रयोग आदि सब ही ग़लत काम है और वह इसका विरोधी है। उन्होंने कहा कि ईरान हमेशा उस प्रयास का समर्थन करता है जो संसार से परमाणु शस्त्रों के निशस्त्रीकरण का कारण बने।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को उत्तरी कोरिया के नेता किम जांग उन और दक्षिणी कोरिया के राष्ट्रपति मून जीइन ने भेंट करने के बाद फ़ैसला किया था कि वे कोरिया प्रायःद्वीप से तनाव दूर करना चाहते हैं।