आस्ताना वार्ता प्रक्रिया ही सीरिया में स्थायी शांति ला सकती है, ईरान
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेश मंत्री जवाद ज़रीफ़ ने मास्को में अपने रूसी और तुर्क समकक्ष के साथ प्रेस कान्फ़्रेंस में कहा कि इस वक़्त भी आस्ताना वार्ता प्रक्रिया ही संयुक्त राष्ट्र संघ सहित दूसरे संगठनों के सहयोग से सीरिया में स्थायी शांति ला सकती है।
इरना के अनुसार, ईरानी विदेश मंत्री ने इस बात पर बल देते हुए कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को चाहिए कि वह आस्ताना वार्ता प्रक्रिया और सूची बैठक के फ़ैसले के आधार पर राजनैतिक हल तक पहुंचने की कोशिश का समर्थन करे, कहा कि सीरिया संकट सिर्फ़ राजनैतिक मार्ग से ही हल होगा। मोहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने कहा कि आस्ताना वार्ता प्रक्रिया की गारैंटी देने वाले तीनों देश राष्ट्राध्यक्ष और विदेश मंत्री के स्तर पर सीरिया की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता, राजनैतिक स्वाधीनता और राष्ट्रीय एकता जैसे संयुक्त सिद्धांतों तथा सीरिया के संकट के राजनैतिक मार्ग से जल्द से जल्द हल होने का शुरु से समर्थन करते आए हैं।
जवाद ज़रीफ़ ने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से सीरिया के पुनर्निर्माण के लिए जल्द से जल्द सामने आने की अपील की ताकि इस देश की जनता की मदद हो सके।
इस प्रेस कान्फ़्रेंस में रूस के विदेश मंत्री ने कहा कि रूस, ईरान और तुर्की सीरिया के बंटवारे की किसी भी कोशिश को अस्वीकार करते हैं।
इस अवसर पर तुर्क विदेश मंत्री मौलूद चाउश ओग़लू ने सीरिया संकट के हल के लिए आस्ताना वार्ता प्रक्रिया को विश्व स्तर पर एकमात्र सफल पहल बताते हुए कहा कि ईरान, रूस और तुर्की के बीच आस्ताना वार्ता प्रक्रिया के तहत सक्रिय सहयोग हो रहा है। (MAQ/N)