विश्व मज़दूर दिवस की दुनिया के सभी श्रमिकों को बधाई
ईरान सहित दुनिया भर में विश्व मज़दूर दिवस के अवसर पर जश्न मनाया जा रहा है और रैलियां भी निकाली जा रही हैं।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार हर वर्ष पहली मई को विश्व मज़दूर दिवस इस प्रतिज्ञा के साथ मनाया जाता है कि मज़दूरों की दिन प्रतिदिन ख़राब होती आर्थिक स्थिति को बदलने के लिए प्रयास तेज़ किए जाएं।
पिछले 100 वर्षों से भी अधिक समय से दुनिया भर में पहली मई के दिन विश्व मज़दूर दिवस के रूप में मनाया जाता है लेकिन मज़दूरों की समस्याओं के समाधान के लिए आज तक उस गंभीरता से प्रयास नहीं किए गए जिस गंभीरता से प्रयास किया जाना चाहिए था।
उल्लेखनीय है कि पहली मई विश्व मज़दूर दिवस के अवसर पर श्रमिकों और उद्योगपतियों की बड़ी संख्या ने सोमवार को इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता आयतुल्लाहिल उज़्मा सैयद अली ख़ामेनेई से भी मुलाक़ात की। इससे पहले 29 अप्रैल को इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने तेहरान में श्रमिकों के सम्मान में आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए मज़दूरों की क़ुरबानियों और उनकी गरिमा को सलाम करते हुए विश्व मज़दूर दिवस की बधाई दी थी।
ज्ञात रहे कि पहली मई 1886 के दिन अमरीका के शिकागो शहर के मज़दूर, पूंजीपतियों और उद्योगपतियों द्वारा किए जाने वाले शोषण के ख़िलाफ़ सड़कों पर निकले आए थे, लेकिन पुलिस ने इस शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन का दमन करने के लिए प्रदर्शनकारी मज़दूरों पर गोलीबारी कर दी थी जिसके कारण सैकड़ों मज़दूर मारे गए थे और सैकड़ों अन्य घायल भी हुए थे, जबकि दर्जनों श्रमिकों को केवल इसलिए फांसी दे दी गई थी क्योंकि उन्होंने अपने अधिकार के लिए आवाज़ उठाई थी। (RZ)