धार्मिक स्वतंत्रता के संबन्ध में अमरीकी रिपोर्ट राजनीति से प्रेरितः क़ासेमी
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने विश्व में धार्मिक स्वतंत्रता के संबन्ध में अमरीकी रिपोर्ट को निराधार बताया है।
बहराम क़ासेमी ने कहा है कि इस्लामी गणतंत्र ईरान का मानना है कि अमरीका की यह रिपोर्ट निराधार और पूर्वाग्रह के साथ ही राजनीति से भी प्रेरित है। उन्होने कहा कि इस रिपोर्ट को कुछ विशेष लक्ष्यों को प्राप्त करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने गुरूवार को कहा कि धार्मिक आस्थाओं के बारे में काल्पनिक व्याख्याओं से अधिक समस्याएं पैदा होती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अमरीकी सरकार कुछ देशों में पाई जाने वाली धार्मिक विविधता का दुरूपयोग करना चाहता है। बहराम क़ासेमी ने कहा कि अमरीकी सरकार को बहुत से देशों की धार्मिक स्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि ईरानी जनता शताब्दियों से विभिन्न धर्मों के मानने वालों के साथ जीवन व्यतीत करती आई है।
ज्ञात रहे कि अमरीका के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को विश्व में धार्मिक स्वतंत्रता के बारे में अपनी वार्षिक रिपोर्ट पेश की थी।