ईरानी संसद पर हमला करने वाले दाइशी आतंकियों के मृत्युदंड की पुष्टि
ईरान के उच्चतम न्यायालय ने देश की संसद पर हमला करने वाले आतंकी गुट दाइश के आठ सदस्यों को दी गई मौत की सज़ा की पुष्टि कर दी है।
उच्चतम न्यायालय के एक जज ग़ुलाम रज़ा अंसारी ने सोमवार को बताया है कि पिछले साल ईरान की संसद मजलिसे शूराए इस्लामी और स्वर्गीय इमाम ख़ुमैनी के मज़ार पर हमला करने वाले दाइशी आतंकियों को निचली अदालत की ओर से दी गई मौत की सज़ा की पुष्टि कर दी गई है। ज्ञात रहे कि सात जून 2017 को दाइश के कुछ आतंकियों ने तेहरान में ईरान की संसद और इमाम ख़ुमैनी के मज़ार पर हमला किया था जिसमें 18 व्यक्ति शहीद और दसियों अन्य घायल हो गए थे।
ग़ुलाम रज़ा अंसारी ने बताया कि आरोपियों की ओर से मौत की सज़ा पर पुनर्विचार की अपील के बाद उनका केस उच्चतम न्यायालय में भेज दिया गया था लेकिन उच्चतम न्यायालय ने भी उनकी सज़ा को बरक़रार रखा है। 13 मई 2018 को तेहरान की एक अदालत ने इन आरोपियों को मौत की सज़ा सुनाई थी। (HN)