ट्रम्प की बिना सोची समझी कार्यवाही, ईरान के हित में होगीः विदेशमंत्री
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने परमाणु समझौते से अमरीका के निकलने सहित अमरीकी राष्ट्रपति की बिना सोची समझी कार्यवाहियों की ओर संकेत करते हुए कहा कि डोनल्ड ट्रम्प की बदनामी , ईरान के हित में होगी।
विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने रविवार को ईरान के वाणिज्यकक्ष के सदस्यों के साथ बैठक में कहा कि अमरीका का रणनैतिक लक्ष्य, परमाणु समझौते से ईरान का निकलना है। उन्होने कहा कि ईरान दुश्मनों के लक्ष्य को भलि भांति समझता है और इसका यह अर्थ है कि ईरान किसी भी हालत में परमाणु समझौते से बाहर नहीं निकलेगा।
विदेशमंत्री ने यह बयान करते हुए कि अमरीकियों ने ईरान के विरुद्ध सबसे अधिक दबाव शुरु कर दिए हैं और वह ईरान को तबाह करने के प्रयास में हैं। श्री जवाद ज़रीफ़ ने कहा कि अतीत में अमरीकी वाइट हाऊस में बैठे होते थे और यूरोप और दूसरे स्थानों पर उसके घटक और पिट्ठु ईरान पर प्रतिबंध लगाते थे किन्तु अब यह दौर समाप्त हो गया।
विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने यूरोप की छोटी और मीडियम कंपनियों को ईरान के साथ आदान प्रदान और आर्थिक समस्याओं के हल की चाभी बताया और कहा कि यूरोपीय देशों का इंजन, छोटी और मीडियम कंपनियां हैं जो बड़ी कंपनियों का स्थान भी ले सकती हैं।
विदेशमंत्री ने ईरान के विरुद्ध पश्चिमी मीडिया के हालिया प्रोपेगैंडों की ओर संकेत करते हुए कहा कि रोइटर्ज़ हर दिन ईरान की अर्थव्यवस्था के बारे में लगभग 50 झूठी ख़बरे प्रकाशित कर रहा है और इस बारे में होशियार रहने की आवश्यकता है। (AK)