राष्ट्रपति रूहानी स्वीज़रलैंड के दौरे पर रवाना, क्षेत्रीय मुद्दों पर बातचीत होगी
-
2 जुलाई 2018 को स्वीज़रलैंड के दौरे पर रवाना होने के लिए तेहरान के मेहराबाद हवाई अड्डे पर हवाई जहाज़ पर सवार होते राष्ट्रपति रूहानी
राष्ट्रपति रूहानी स्वीज़रलैंड और ऑस्ट्रिया के दौरे पर रवाना हुए।
राष्ट्रपति डॉक्टर हसन रूहानी दो योरोपीय देश स्वीज़रलैंड और ऑस्ट्रिया के दौरे के पहले चरण में स्वीज़रलैंड रवाना हुए।
उन्होंने रवाना होने से पहले तेहरान के मेहराबाद हवाई अड्डे पर पत्रकारों को बताया कि ‘बर्न’ और ‘वियना’ के साथ तेहरान के संबंधों में विस्तार उनके इस दौरे का लक्ष्य है।
उन्होंने इस बात का उल्लेख करते हुए कि आज योरोप के हालात अतीत की तुलना में भिन्न हैं, कहा कि आज योरोप एकपक्षवाद का अधिक खुल कर विरोध कर रहा है ताकि ईरान सहित अहम प्रभावी देशों के साथ क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मामलों में सहयोग करे।
ईरानी राष्ट्रपति ने इसी तरह बताया कि उनके इस दौरे में परमाणु समझौते जेसीपीओए के बारे में योरोप के पैकेज की भी समीक्षा होगी। उन्होंने कहा कि अगरचे अमरीका अंतर्राष्ट्रीय क़ानून व बहुपक्षीय प्रतिबद्धताओं के विपरीत जेसीपीओए से निकल गया है लेकिन जेसीपीओए के अन्य सदस्य अमरीका के बिना इस समझौते को बाक़ी रखने की कोशिश में हैं।
डॉक्टर हसन रूहानी ने पश्चिम एशिया की शांति व स्थिरता में ईरान की भूमिका पर बल देते हुए कहा कि सीरियार और यमन संकट सहित क्षेत्रीय मामलों के बारे में बातचीत उनके इस दौरे के अन्य लक्ष्य हैं।
उन्होंने इन दोनों योरोपीय देशों के दौरे के दौरान ईरान के साथ कुछ दस्तावेज़ों पर दस्तख़त होने की ओर इशारा करते हुए कहा कि उद्योग, व्यापार, स्वास्थ्य, उपचार, नई प्रौद्योगिकी, शिक्षा जलस्रोत के प्रबंधन के विषय पर इन दोनों देशों के अधिकारियों से बात होगी।
ईरानी राष्ट्रपति अपने स्वीज़ समकक्ष अलन बर्सेट के निमंत्रण पर स्वीज़रलैंड गए हैं जहां से वे ऑस्ट्रिया जाएंगे। (MAQ/N)