प्रतिबंध भी हमारी प्रगति को रोक नहीं सकतेः अमीर हातमी
ईरान के रक्षामंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि अमरीकी प्रतिबंध हमारी प्रगति को रोक नहीं सकते।
ब्रिगेडियर जरनल अमीर हातमी ने ईरान के विरुद्ध अमरीका के संभावित प्रतिबंधों की ओर संकेत करते हुए कहा है कि प्रचुर संसाधनों और श्रमबल की मौजूदगी के कारण इस्लामी गणतंत्र ईरान, अमरीकी प्रतिबंधों से प्रभावित नहीं होगा।
ईरान के रक्षामंत्री ने मंगलवार को एक कांफ़्रेंस में ईरान की वर्तमान परिस्थितियों को स्पष्ट करते हुए कहा कि इस समय अमरीका के नेतृत्व में वर्चस्ववादी गठबंधन, यह प्रयास कर रहा है कि ईरान के हालिया हालात को बहुत ही जटिल एवं संकटग्रस्त दर्शाया जाए। उन्होंने कहा कि इसी के साथ यह गठबंधन मनोवैज्ञानिक युद्ध के माध्यम से विश्व जनमत को यह दर्शाना चाह रहा है कि ईरान में जनता तथा सरकार के बीच दूरी पाई जाती है। ब्रिगेडियर जरनल अमीर हातमी ने कहा कि शत्रु अपने इस षडयंत्र में विफल रहेगा।
उन्होंने कहा कि पिछले चार दशकों का अनुभव यह बताता है कि ईरान के युद्ध और प्रतिबंधों जैसी बहुत ही मुश्किलों को पार कर लिया है और वह ईमान के हथियार से शत्रु को पराजित कर सकता है। ईरान के रक्षामंत्री ने कहा कि विगत की तुलना में ईरान,संगठित और सशक्त हुआ है तथा उसकी प्रतिरोधक क्षमता बढ़ी है।
ज्ञात रहे कि अमरीका के राष्ट्रपति ट्रम्प ने ईरान के विरूद्ध निराधार आरोप लगाते हुए ईरान के विरुद्ध नए प्रतिबंध लगाने की बात कही है।