अमरीका और ज़ायोनी शासन अलग थलग पड़ चुके हैंः विदेशमंत्री
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने ईरान और यूरोपीय देशों के बीच होने वाली वार्ताओं की ओर संकेत करते हुए कहा कि ईरान, परमाणु समझौते के बारे में यूरोप के जवाब की प्रतीक्षा में नहीं रहेगा।
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने ईरान के विदेशमंत्रालय के अधिकारियों और विदेशों में तैनात ईरान के राजदूतों और कूटनयिकों की इस्लामी क्रांति के संस्थापक स्वर्गीय इमाम ख़ुमैनी के मज़ार में उनकी उमंगों से वफ़ादारी की घोषणा के अवसर पर कहा कि ईरान ने अभी तक यूरोप और परमाणु समझौते में शामिल देशों की ओर से परमाणु समझौते के हवाले से इस सीमा तक व्यवहारिक कार्यवाही नहीं देखी है।

उन्होंने इस ओर संकेत करते हुए कि इस समय ज़ायोनी प्रधानमंत्री बेनयामीन नितिनयाहू अमरीका के एक राजनैतिक सलाहकार बने हुए हैं, कहा कि अमरीका और इस्राईल, ईरानोफ़ोबिया के बारे में अलग थलग पड़ चुके हैं यहां तक कि उनके निकटवर्ती घटक भी उनके साथ नहीं हैं।

श्री जवाद ज़रीफ़ ने कहा कि अमरीका और ज़ायोन शासन ने ईरान के विरुद्ध आर्थिक युद्ध का बाज़ार गर्म कर रखा है ताकि ईरान को अपनी नीतियां बदलने पर विवश कर सकें किन्तु बड़े पैमाने पर प्रयास करने के बावजूद उन्हें सफलता प्राप्त नहीं हुई और कई देशों ने अमरीका और ज़ायोनी शासन का विरोध किया है। (AK)