माइक पोम्पियों का बयान अमरीकी बेबसी का परिचायकः बहराम क़ासेमी
बहराम क़ासेमी ने कहा है कि अमरीकी विदेशमंत्री का बयान उनकी बेबसी को स्पष्ट रूप में दर्शाता है।
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने अमरीकी विदेशमंत्री के बयान की निंदा करते हुए कहा है कि उनका यह बयान, परमाणु समझौते से एक पक्षीय रूप से निकलने के बाद अमरीकी बेबसी का परिचायक है।
बहराम क़ासेमी ने कहा कि अमरीकी विदेशमंत्री का बयान केवल एक प्रचारिक हथकण्डा था। उन्होंने कहा कि यह विषय ईरान के आंतरिक मामलों में अमरीकी हस्तक्षेप को दर्शाता है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने ईरानी राष्ट्र के विरुद्ध अमरीका के बहुत से अपराधों का उल्लेख करते हुए कहा कि ईरानी जनता, अमरीकी सरकार के अपराधों को भूल नहीं सकती। उन्होंने कहा कि माइक पोम्पियो के हस्तक्षेपपूर्ण बयान का जवाब एकजुट होकर देगी।
ज्ञात रहे कि अमरीका के विदेशमंत्री माइक पोम्पियो ने रविवार की शाम केलिफ़ोर्निया में ईरान की इस्लामी व्यवस्था के विरोधियों की उपस्थिति में कहा कि वाइट हाउस दूसरों के साथ सहयोग करके ईरान पर दबाव बनाते हुए ईरान के तेल निर्यात को ज़ीरो पर पहुंचा देगा।