अमरीकी कभी अपनी कटिबद्धताओं को पूरा नहीं करतेः लारीजानी
ईरान के संसद सभापति ने कहा है कि अमरीकी वार्ता के समय तो बहुत बात करते हैं लेकिन क्रियान्वयन के समय अपने किसी भी वादे को पूरा नहीं करते।
डाॅक्टर अली लारीजानी ने बुधवार की शाम उत्तरी कोरिया के विदेश मंत्री रि योंग हो से तेहरान में हुई मुलाक़ात के अवसर पर कहा कि अमरीकी कभी भी समझौतों के अंतर्गत अपनी कटिबद्धताओं का पालन नहीं करते और ईरान को अमरीका से वार्ता का अनुभव है और अमरीकियों ने कभी भी अपने वादों का पालन नहीं किया है।
उन्होंने बल देकर कहा कि वार्ताओं में अमरीकी बड़ी अच्छी अच्छी बात करते हैं और उज्जवल भविष्य की सूचना देते हैं लेकिन जब समझौते के क्रियान्वयन की बात आती है तो वे कभी भी अपने किसी भी वादे को पूरा नहीं करते। डाॅक्टर लारीजानी ने कहा कि तेहरान, प्योंग यांग के साथ अपने द्विपक्षीय व राजनैतिक सहयोग में विस्तार का स्वागत करता है और उसका मानना है कि उत्तरी कोरिया के हित अत्याचारी शक्तियों से संघर्ष में ही निहित हैं।
इस मुलाक़ात में उत्तरी कोरिया के विदेश मंत्री रि योंग हो ने ईरान व उत्तरी कोरिया के संबंध विस्तार पर प्रसन्नता जताते हुए हालिया वर्षों मे ईरान की ओर से अपने देश की सहायता का आभार प्रकट किया। उन्होंने इसी तरह अमरीका से अपने देश की हालिया वार्ता की ओर इशारा करते हुए कहा कि यद्यपि उत्तरी कोरिया ने इस वार्ता में परमाणु निरस्त्रीकरण का वादा किया है लेकिन वह अपने परमाणु विज्ञान को सुरक्षित रखेगे क्योंकि उसे पता है कि अमरीकी, कभी भी दुश्मनी छोड़ने वाले नहीं हैं। (HN)