ईरान, अमरीकी षड्यंत्रों को शक्ति के साथ विफल बना देगाः ज़रीफ़
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i67740-ईरान_अमरीकी_षड्यंत्रों_को_शक्ति_के_साथ_विफल_बना_देगाः_ज़रीफ़
विदेश मंत्री ने तेहरान के ख़िलाफ़ अमरीका की शत्रुतापूर्ण कार्यवाहियों की तरफ़ इशारा करते हुए कहा है कि ईरान अपनी विवेकपूर्ण युक्तियों से पूरी शक्ति के साथ अमरीकी षड्यंत्रों को विफल बना देगा।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Sep ०१, २०१८ ११:१६ Asia/Kolkata
  • ईरान, अमरीकी षड्यंत्रों को शक्ति के साथ विफल बना देगाः ज़रीफ़

विदेश मंत्री ने तेहरान के ख़िलाफ़ अमरीका की शत्रुतापूर्ण कार्यवाहियों की तरफ़ इशारा करते हुए कहा है कि ईरान अपनी विवेकपूर्ण युक्तियों से पूरी शक्ति के साथ अमरीकी षड्यंत्रों को विफल बना देगा।

डाॅक्टर मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने एक इंटरव्यू में ईरान के ख़िलाफ़ अमरीका के एकतरफ़ा प्रतिबंधों की तरफ़ इशारा करते हुए कहा कि अमरीका की कार्यवाहियों ने यूरोप वालों को भी क्रोधित कर दिया है और वे भी अमरीका की ग़ुंडागर्दी का तोड़ करने के प्रयास में हैं। विदेश मंत्री ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि अमरीकी, ईरान के ख़िलाफ़ राजनैतिक माहौल तैयार करना और मानसिक युद्ध छेड़ना चाहते हैं, कहा कि परमाणु समझौते के बारे में अमरीका के रवैये ने इस देश की वर्तमान सरकार के बारे में हर तरह का विश्वास ख़त्म कर दिया है।

 

ज्ञात रहे कि अमरीका 8 मई को परमाणु समझौते से निकल गया था और उसने घोषणा की थी कि 4 नवम्बर से वह ईरान के तेल, गैस और पेट्रोकेमिकल के निर्यात पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा देगा। वाॅशिंग्टन ने अन्य देशों से भी मांग की है कि वे ईरान के ख़िलाफ़ प्रतिबंध में उसका साथ दें लेकिन चीन, रूस और तुर्की समेत अनेक देशों ने स्पष्ट शब्दों में कह दिया है कि वे डोनल्ड ट्रम्प की ग़ैर क़ानूनी मांगों का समर्थन नहीं करेंगे।

 

ईरान के विदेश मंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने इसी तरह सितम्बर में ईरान की राजधानी तेहरान में आस्ताना वार्ता प्रक्रिया के निरीक्षक देशों अर्थात ईरान, रूस और तुर्की की बैठक के आयोजन की ओर संकेत करते हुए कहा कि सीरिया संकट का अंतिम समाधान, राजनैतिक वार्ता के माध्यम से ही होगा। आस्ताना वार्ता, वर्ष 2017 में इस्लामी गणतंत्र ईरान, तुर्की और रूस की पहल पर शुरू हुई है और इसका उद्देश्य सीरिया में स्थायी शांति स्थापित करना है। (HN)