सैन्य परेड पर हमले में कई लोग घायल
अहवाज़ में सैन्य परेड पर हमले में कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
दक्षिणी ईरान के ख़ुज़िस्तान प्रांत के गवर्नर ने बताया है कि शनिवार की सुबह अहवाज़ नगर में सैन्य परेड के समय सैनिक ड्रेस पहने कुछ लोगों ने अधिकारियों की ओर फ़ाएरिंग की। इस फ़ायरिंग के दौरान कई लोग शहीद और घायल हुए हैं।
ग़ुलाम रज़ा शरीअती ने बताया कि इस आतंकवादी हमले में तीन लोग शहीद और 20 से अधिक अन्य घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस समय स्थिति सामान्य है।
दक्षिणी ईरान के ख़ुज़िस्तान प्रांत के गवर्नर ने बताया की सुरक्षा बलों की सूझबूझ के कारण आतंकवादी गुट के कुछ लोगों को गिरफ़्तार किया जा चुका है जबकि कुछ अन्य कार्यवाही में मारे गए हैं। उन्होंने कहा कि आरंभि रिपोर्ट के अनुसार आक्रमणकारी चार लोग थे जिनमें से 2 मारे गए और दो को घायल अवस्था में गिरफ़्तार कर लिया गया। ग़ुलाम रज़ा शरीअती ने कहा कि इस प्रकार की कायरतापूर्ण कार्यवाही किसी भी स्थिति में ईरानी राष्ट्र की प्रतिरोधी भावना को प्रभावित नहीं कर सकती।