वार्ता के लिए अमरीका भरोसे योग्य नहींः इराक़ची
ईरान के विदेश उपमंत्रीने कहा है कि अमरीका वार्ता के लिए किसी भी स्थिति में भरोसे योग्य नहीं है।
अब्बास इराक़ची ने कहा कि वार्ता का अर्थ होता है एक-दूसरे का सम्मान करना। उन्होंने कहा कि वह सरकार जो पिछले समझौतों के प्रति कटिबद्ध न हो उसपर बाद में भी वार्ता के लिए भरोसा नहीं किया जा सकता।
अब्बास इराक़ची ने न्यूयार्क में महासभा के 73वें अधिवेशन में दिये गए राष्ट्रपति रूहानी के भाषण की ओर संकेत करते हुए कहा कि वर्तमान अमरीकी सरकार की नीतियों और उन समस्याओं के दृष्टिगत जो इस सरकार ने अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्पन्न की हैं, उनसे अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर एक प्रकार की तानाशाही दिखाई देती है। हालांकि संसार के अन्य देशों के अधिकारी वार्ता तथा सहयोग की नीति को आगे बढ़ा रहे हैं।
अब्बास इराक़ची ने कहा कि अमरीका ने संयुक्त राष्ट्रसंघ के स्थाई सदस्य के रूप में सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव क्रमांक 2231 का उल्लंघन किया जिसके कारण वह अब वार्ता के लिए विश्वसनीय नहीं रहा है।
ईरान के विदेश उपमंत्री अब्बास इराक़ची ने स्पष्ट किया कि आज बुधवार को संयुक्त राष्ट्रसंघ की सुरक्षा परिषद की बैठक निश्चित रूप में अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प की इच्छा के विपरीत होगी।