ईरान ने आतंकियों को मुंह तोड़ जवाब दियाः रूहानी
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i68713-ईरान_ने_आतंकियों_को_मुंह_तोड़_जवाब_दियाः_रूहानी
राष्ट्रपति रूहानी ने इस्लामी क्रांति के संरक्षक बलों की ओर से आतंकवादियों को दिये गए जवाब की सराहना की है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Oct ०३, २०१८ १६:४८ Asia/Kolkata
  • ईरान ने आतंकियों को मुंह तोड़ जवाब दियाः रूहानी

राष्ट्रपति रूहानी ने इस्लामी क्रांति के संरक्षक बलों की ओर से आतंकवादियों को दिये गए जवाब की सराहना की है।

डाक्टर हसन रूहानी ने कहा कि आईआरजीसी अर्थात इस्लामी क्रांति के संरक्षक बलों ने उन आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दिया है जिन्होंने महिलाओं और बच्चों पर भी रहम नहीं किया।  राष्ट्रपति ने बुधवार को अपने एक संबोधन में कहा कि ईरान आतंकियों के संरक्षकों और उनके आदेश देने वालों को उन्हीं जैसा मानता है।  उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से आतंकवादियों से व्यवहार किया जाएगा उनके संरक्षकों के साथ ही वैसा ही होगा।

राष्ट्रपति रूहानी ने ईरान के विरुद्ध अमरीकी षडयंत्रों की ओर संकेत करते हुए स्पष्ट किया कि अमरीका अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग हो चुका है और कोई भी अमरीकी व्यवहार को पसंद नहीं करता।

उन्होंने ईरान पर अमरीकी दबाव का उल्लेख करते हुए कहा कि अमरीकियों का पूरा प्रयास यह था कि ईरान से किसी भी प्रकार से वार्ता हो जाए चाहे वे किसी भी स्तर की हो ताकि बाद में वह यह एलान करे कि ईरान, हमारे दबाव के कारण वार्ता के लिए तैयार हो गया है।  राष्ट्रपति ने कहा कि ईरानी राष्ट्र दबाव स्वीकार नहीं करेगा।

उन्होंने कहा कि यूरोप ने ईरान के साथ आर्थिक संबन्धों को बनाए रखने के लिए एक विशेष पैकेज तैयार किया है।  उन्होंने कहा कि इसका व्यवहारिक होना परमाणु समझौते को सुरक्षित रखने के लिए महत्वपूर्ण सिद्ध हो सकता है।

ज्ञात रहे कि इस्लामी गणतंत्र ईरान के क्रांति सरंक्षक बल आईआरजीसी ने अहवाज़ हमले के ज़िम्मेदारों को सीरिया में निशाना बनाया।  22 सितम्बर को अहवाज़ में आतंकी हमले के बाद, जिसमें ईरान के निर्दोष व निहत्थे  23 लोग शहीद और 69 घायल हुए थे, क्रांति सरंक्षक बलों ने सोमवार तड़के, सीरिया में फुरात नदी के पूर्वी तट पर अमरीका समर्थित आतंकवादियों के ठिकाने पर मिसाइलों से हमला किया था।