नाटो को ईरान के बजाए अमरीकी नीतियों की चिंता करनी चाहिए
ईरान ने कहा है कि उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के महासचिव को अमरीका की ख़तरनाक एकपक्षीय नीतियों और अंतरराष्ट्रीय समझौतों के उल्लंघन के प्रति होशियार रहना चाहिए।
बुधवार को नाटो के महासचिव जेन्स स्टोलटेनबर्ग ने दावा किया था कि इस संगठन के सदस्य देश क्षेत्र में ईरान की अस्थिरता फैलाने वाली नीतियों से चिंतित हैं और इसका मुक़ाबला करने के लिए सूचनाओं के आदान प्रदान में सहयोग कर रहे हैं।
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासमी ने बुधवार की रात स्टोलटेनबर्ग के बयान पर प्रतिक्रिया जताते हुए कहा, ईरान आतंकवाद से सबसे अधिक प्रभावित है और उसने कुछ देशों द्वारा जन्म दिए गए आतंकवादी गुटों के शासन का विनाश करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
क़ासमी का कहना था कि विश्व समुदाय का एक बड़ा भाग इस सच्चाई को स्वीकार करता है कि मध्यपूर्व में शांति की स्थापना में ईरान की अहम भूमिका है, क्योंकि अगर आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में अपनी भूमिका नहीं निभाता तो आज यूरोप के कई देश और शहर आतंकवाद का शिकार होते।
इसी प्रकार, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने ईरानी मिसाइल कार्यक्रम के बारे में स्टोलटेनबर्ग की टिप्पणी को ख़ारिज करते हुए कहा, यह कार्यक्रम केवल अपनी रक्षा के लिए है। msm