हम अमरीका को घुटने टेकने पर विवश कर देंगेः रूहानी
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि तेहरान एेसी नीतियां निर्धारित करेगा जिससे अमरीका, घुटने टेकने पर विवश हो जाएगा।
डाक्टर हसन रूहानी ने शनिवार को संसद में कूटनीति तथा क़ानून के क्षेत्र में हालिया महीनों के दौरान ईरान के विरुद्ध अमरीकी पराजय की ओर संकेत किया। उन्होंने कहा कि विगत में एेसा कभी देखने को नहीं मिला कि अमरीका ने किसी देश के बारे में कोई महत्वपूर्ण फ़ैसला लिया हो और उसके पारंपरिक सहयोगी देशों ने उस मामले में उसका साथ छोड़ दिया हो।
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि इस समय संसार में ईरानी राष्ट्र को वचन पूरा करने वाले देश के रूप में देखा जा रहा है जबकि अमरीका को अन्तर्राष्ट्रीय क़ानूनों के हननकर्ता के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि निःसन्देह, ईरानी राष्ट्र के विरुद्ध अत्याचारपूर्ण प्रतिबंध लगाकर अमरीका ने ईरान के बारे में अपनी खुली शत्रुता का उदाहरण दिया है।
डाक्टर हसन रूहानी ने ईरान की अर्थव्यवस्था के विरुद्ध विदेशी संचार माध्यमों के दुष्प्रचारों की ओर संकेत करते हुए कहा कि वर्तमान समय में ईरान शिक्षा, प्रशिक्षण, स्वास्थ्य, उपचार, ऊर्जा और ट्रांस्पोर्टेशन के क्षेत्र में संसार का सबसे सस्ता देश है।