ईरान के विरुद्ध अमरीकी प्रतिबंध प्रभावहीन हैंः ब्रिटेन
ब्रिटेन के विदेशउपमंत्री ने कहा है कि ईरान के विरुद्ध अमरीकी प्रतिबंध प्रभावहीन हैं।
एलिस्टेयर बर्ट का कहना है कि ईरान पर अमरीका के नए प्रतिबंध अनुचित हैं। उन्होंने एक इन्टर्व्यू में में कहा कि ईरान के विरुद्ध अमरीका की ओर से लगाए गए प्रतिबंध प्रभावी नहीं हैं। ब्रिटेन के विदेश उपमंत्री का कहना था कि यूरोप इन अमरीकी प्रतिबंधों का अनुपालन नहीं कर रहा है। उनका कहना था कि अमरीका के अतिरिक्त जेसीपीओए या परमाणु समझौते पर हस्ताक्षर करने वाले देश, यह प्रयास कर रहे हैं कि परमाणु समझौते के आर्थिक लाभों से लाभान्वित हुआ जाए।
ब्रिटेन के विदेश उपमंत्री एलिस्टेयर का कहना था कि ईरान के ख़िलाफ़ अमरीकी प्रतिबंधों ने एेसी स्थिति पैदा कर दी है जिससे परमाणु समझौते पर हस्ताक्षर करने वाले देश सहमत नहीं हैं। इन देशों का मानना है कि परमाणु समझौते को सुरक्षित रहना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि अमरीकी राष्ट्रपति अन्तर्राष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन करते हुए 8 मई 2018 को एपकक्षीय रूप में परमाणु समझौते से अलग हो गए थे जिसके बाद उन्होंने ईरान के विरुद्ध प्रतिबंध लगाने की बात कही थी। ब्रिटेन, फ़्रांस, रूस, चीन, जर्मनी तथा यूरोपीय संघ ने ट्रम्प के इस निर्णय का विरोध किया और वे परमाणु समझौते को सुरक्षित रखना चाहते हैं।