नए प्रतिबंध भी विफल रहेंगेः क़ासेमी
बहराम क़ासेमी ने कहा है कि अमरीका के नए प्रतिबंध भी विफल रहेंगे।
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने अमरीकी वित्तमंत्रालय की ओर से ईरान के विरुद्ध नए प्रतिबंधों की भर्त्सना करते हुए ईरान की कुछ कंपनियों और लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधों को प्रभावहीन बताया। उन्होंने कहा कि निराधार आरोपों के बहाने लगाए गए यह प्रतिबंध निश्चित रूप में विफल सिद्ध होंगे। क़ासेमी का कहना था कि आज नहीं तो कल अमरीकी अधिकारी यह समझ जाएंगे कि उनके प्रतिबंधों के वैसे परिणाम नहीं मिले जैसे वे चाहते थे।
ज्ञात रहे कि अमरीका के वित्तमंत्रालय ने मंगलवार को निराधार आरोप दोहराते हुए एलान किया था कि ईरानी तेल को सीरिया तक पहुंचाने में सहकारिता के आरोप में ईरान की तीन कंपनियों और 6 लोगों के विरुद्ध प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं।
अमरीकी वित्तमंत्रालय ने मंगलवार को दावा किया था कि प्रतिबंधित लोग एक अन्तर्राष्ट्रीय चैनेल के सदस्य हैं। अमरीका के निराधार दावे के अनुसार ईरान, उनके माध्यम तथा रूसी कंपनियों के सहयोग से लाखों बैरेल तेल, सीरिया पहुंचाता है। इससे पहले भी अमरीकी वित्त मंत्रालय ने रूस तथा इस्लामी प्रतिरोध संगठन से संबन्धित लोगों और संगठनों पर प्रतिबंध लगाए थे।