ईरानः यूरोप के बयान अच्छे लेकिन व्यवहारिक क़दमों की गतिहीनता स्वीकार नहीं
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i70697-ईरानः_यूरोप_के_बयान_अच्छे_लेकिन_व्यवहारिक_क़दमों_की_गतिहीनता_स्वीकार_नहीं
ईरान ने कहा है कि अमरीका के एकपक्षीय रवैए के मुक़ाबले में यूरोपीय देशों के बयान तो सराहनीय हैं लेकिन व्यवहारिक रूप से उठाए जाने वाले क़दमों की गतिहीनता स्वीकार्य नहीं है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Dec १२, २०१८ १०:१५ Asia/Kolkata
  • ईरानः यूरोप के बयान अच्छे लेकिन व्यवहारिक क़दमों की गतिहीनता स्वीकार नहीं

ईरान ने कहा है कि अमरीका के एकपक्षीय रवैए के मुक़ाबले में यूरोपीय देशों के बयान तो सराहनीय हैं लेकिन व्यवहारिक रूप से उठाए जाने वाले क़दमों की गतिहीनता स्वीकार्य नहीं है।

ईरान के संसद सभापति के अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विशेष सलाहकार हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान ने कहा कि अमरीका की एकपक्षीय नीतियों के मुक़ाबले में यूरोप के राजनैतिक बयान और प्रचारिक भाषण तो सराहनीय हैं लेकिन व्यवहारिक क़दम उठाने की उनकी मंद गति स्वीकार नहीं है।

अब्दुल्लाहियान ने तेहरान में यूरोप की सुरक्षा मामलों के नेतृत्व नेटवर्क की सीईओ तारजा आनेली क्रोनबरी से मुलाक़ात में कहा कि यूरोप ने वादा किया है कि आने वाले हफ़्तों में एसपीवी वित्तीय सिस्टम काम करने लगेगा लेकिन यह वादा पूरा करने के लिए कुछ व्यवहारिक क़दम उठाने की ज़रूरत है।

अमीर अब्दुल्लाहियान ने यूरोप में आतंकी संगठन एमकेओ की उपस्थिति का हवाला देते हुए कहा कि इस संगठन के तत्व यूरोप में आपराधिक गतिविधियां करते हैं और उनके लिए ईरान की सुरक्षा एजेंसियों को ज़िम्मेदार ठहराने की कोशिश करते हैं जिसका लक्ष्य ईरान और यूरोप के संबंधों को ख़राब करना होता है अतः इससे होशियार रहने की ज़रूरत है।

क्रोनबरी ने कहा कि तेहरान में ईरानी अधिकारियों से हमारी बहुत अच्छी मुलाक़ातें हुई हैं और हम परमाणु समझौते को सुरक्षित रखने की पूरी कोशिश कर रहे हैं क्योंकि इससे हमारे संयुक्त हित जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि हम इस समझौते के तहत अपनी प्रतिबद्धताएं पूरी करने का प्रयास कर रहे हैं।